वेस्ट UP का पहला डिजिटल वॉर मेमोरियल मुरादाबाद में होगा शुरू

नवभारत टाइम्स

मुरादाबाद में वेस्ट यूपी का पहला डिजिटल वॉर मेमोरियल 'त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रालय' जल्द खुलेगा। यह भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित है। इसमें 1947 से लेकर 1971 तक की ऐतिहासिक लड़ाइयों को दर्शाया जाएगा। टैंक, तोपें और सैन्य उपकरण भी प्रदर्शित होंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ इसका शुभारंभ कर सकते हैं।

वेस्ट UP का पहला डिजिटल वॉर मेमोरियल मुरादाबाद में होगा शुरू
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

भारतीय सेना के शौर्य को बयां करने वाला वेस्ट यूपी का पहला डिजिटल वॉर मेमोरियल (युद्ध स्मारक) मुरादाबाद जिले में जल्द शुरू होगा। वॉर मेमोरियल लगभग बनकर तैयार है। शुक्रवार को सैन्य टीम ने निरीक्षण कर इसकी शुरुआत करने की हरी झंडी दे दी। इस वॉर मेमोरियल का नाम ‘ त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रालय ’ रखा गया है। मुरादाबाद नगर निगम के मेयर ने देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होली के बाद शुभारंभ कराने का प्लान तैयार किया है। इस वॉर मेमोरियल पर 35 करोड़ रुपये का खर्च आया है। म्यूजियम में 1947 से लेकर ऑपरेशन सिंदूर और 1971 की लोंगेवाला की लड़ाई जैसे ऐतिहासिक पलों को दिखाया जाएगा। जिसमें MIG-27 और अन्य सैन्य उपकरण शामिल हैं। इसमें वास्तविक टैंक (जैसे T-55), तोपें और युद्ध से जुड़ी ऐतिहासिक सामग्रियां भी शामिल होंगी।

नगर निगम मुरादाबाद के अफसरों का दावा है कि वॉर मेमोरियल नगर निगम का अनोखी पहल है। वॉर मेमोरियल वेस्ट यूपी में इकलौता डिजिटल युद्ध स्मारक है। उद्घाटन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ से समय मांगा गया है। नगर निगम मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि होली के बाद इस वॉर म्यूजियम का उद्घाटन राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ के संयुक्त रूप से करने की उम्मीद है। बताया कि म्यूजियम भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को समर्पित है। वॉर मेमोरियल करीब 10 हजार वर्ग मीटर भूमि पर बन रहा है। पहले इसके निर्माण पर 25 करोड़ रुपए का खर्च आंका गया था लेकिन लागत बढ़कर अब करीब 35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।