छांयसा गांव में हुई मौतों का मामला विधायक ने विधानसभा में उठाया

नवभारत टाइम्स
Navbharat Times

n NBT न्यूज, हथीन

छांयसा में हेपेटाइटिस सी का कहर मंगलवार को विधान सभा में भी उठा। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने शून्यकाल के दौरान छांयसा में हुई मौतों का मामला उठाया। विधायक ने कहा कि गांव में बीस मौतें हो चुकी हैं। सरकार गंभीरता से नहीं ले रही है। सात मौतें हेपेटाइटिस से होना बताया जा रहा है। वास्तविकता इसके विपरीत है। बीस मौतें हो चुकी हैं। लोगों को स्वच्छ पेयजल भी नसीब नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने कहा सरकार को मरने वालों के परिवारों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। विधायक की मांग का समर्थन पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार को इस बारे में बयान देना चाहिए और उचित कार्रवाई एवं प्रबंध करने चाहिए। जन स्वास्थ्य मंत्री रणवीर गंगवा ने जबाव देते हुए कहा कि पेयजल के सैंपल लिए गए हैं। जल जनित रोगों से कोई मौत नहीं हुई है।विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने बताया कि छांयसा में हुई मौतों के मामले पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जा रहा है। इसके लिए विधायकों के हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। बुधवार को इस विषय में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव स्पीकर को दे दिया जाएगा। अन्य विधायक भी सहयोग दे रहे हैं।