n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा
सीवर व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी एसटीपी बना रही है। अब नॉलेज पार्क-5 में 80 एमएलडी का एसटीपी बनाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का प्रयास है कि शहर का पूरा सीवर शोधित करके ही डिस्चार्ज किया जाए। इस एसटीपी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। यहां हरियाली पर जोर रहेगा। पार्क विकसित होगा ताकि यहां आने वाले लोगों को एहसास ही न हो कि यहां पर एसटीपी बना है। सीनियर मैनेजर सन्नी यादव ने बताया कि एसटीपी बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
ग्रेनो वेस्ट में बन रहा
45 MLD का प्लांट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 45 एमएलडी का सीवरेज शोधित संयंत्र (एसटीपी) बन रहा है। इसका करीब 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। यह ग्रेटर नोएडा वेस्ट का दूसरा एसटीपी होगा। इसका संचालन होने पर इलाके में सीवर को शोधित करने की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। आधुनिक तकनीक पर आधारित इस संयंत्र पर 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एसटीपी की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई गई है। अथॉरिटी के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि शहर की सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए काम चल रहा है। इसके लिए एसटीपी के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। ग्रेनो वेस्ट में 45 एमएलडी का एसटीपी बन रहा है। नॉलेज पार्क-5 में एक एसटीपी बनाया जाएगा। यह आधुनिक तकनीक पर बनाया जाएगा। इससे सीवर व्यवस्था में और सुधार आएगा।

