n NBT न्यूज, बुलंदशहर
अनूपशहर क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में एक सनसनीखेज घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। राशन माफियाओं ने सरकारी निगरानी व्यवस्था और जीपीएस ट्रैकिंग को धोखा देने के लिए एक शातिर तरीका अपनाया, लेकिन उनकी चाल पकड़ी गई। अधिकारियों ने एक ट्रक को जब्त किया है, जिसमें से आठ राशन डीलरों के लिए आवंटित 250 क्विंटल राशन में से 150 क्विंटल गायब मिला।
जांच में पता चला कि राशन माफियाओं ने ट्रक से जीपीएस डिवाइस निकाल लिया और उसे बाइक पर रख दिया। नियम के मुताबिक ट्रक को राशन डीलर के गोदाम तक जाकर जियो-फेंसिंग प्रक्रिया पूरी करनी होती है ताकि प्रशासन को आपूर्ति की पुष्टि हो सके। माफियाओं ने बाइक से लोकेशन ट्रैकिंग को पूरा किया, जबकि असली ट्रक रास्ते में ही राशन उतारकर उसे ठिकाने लगा रहा था। एबीसी ट्रांसपोर्ट कंपनी जिसे अनूपशहर और जहांगीराबाद ब्लॉक में राशन ढुलाई का ठेका मिला है, का यह ट्रक जेटीसी लिखा हुआ पाया गया। मार्केटिंग इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की जांच की, तो उसमें जीपीएस डिवाइस नहीं मिला, जिससे धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। मामले में पांच राशन डीलरों का 150 क्विंटल अनाज गायब है। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कंपनी और संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

