दिल्ली से AGMUT काडर के 6 IAS अफसरों का हुआ तबादला

नवभारत टाइम्स

दिल्ली सरकार के 6 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह आदेश जारी किया है। इन अधिकारियों को गोवा, पुदुच्चेरी, मिजोरम, दादर और नगर हवेली तथा जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। कुछ तबादले तुरंत प्रभावी होंगे, जबकि अन्य 1 जून 2026 से लागू होंगे। यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है।

agmut cadre 6 ias officers transferred from delhi home ministry issues order
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली सरकार में कार्यरत AGMUT काडर के 6 आईएएस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। ये वे अधिकारी हैं जिन्हें पिछले हफ्ते ही स्टेट सिविल सर्विसेज से प्रमोट करके आईएएस बनाया गया था। अब इन सभी को दिल्ली से बाहर अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

गृह मंत्रालय के इस फैसले के तहत, डॉ. श्रवण बागरिया को गोवा भेजा गया है। के.सी. सुरेंद्र अब पुदुच्चेरी में अपनी सेवाएं देंगे। सुशील सिंह और रंजीत सिंह को मिजोरम में तैनात किया गया है। अजय कुमार को दादर और नगर हवेली में नियुक्ति मिली है, जबकि प्रांजल हजारिका जम्मू-कश्मीर में अपनी नई भूमिका निभाएंगे।
इन अधिकारियों में से सुशील सिंह दिल्ली सरकार के सूचना एवं प्रसार निदेशालय में डायरेक्टर के पद पर थे। वहीं, रंजीत सिंह दिल्ली विधानसभा के सचिव के तौर पर काम कर रहे थे। डॉ. बागरिया साउथ-ईस्ट जिले के डीएम थे, और अजय कुमार नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीएम के पद पर थे। के.सी. सुरेंद्र एमसीडी में डीसी के पद पर कार्यरत थे, और प्रांजल हजारिका दिल्ली सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रालय में तैनात थे।

तबादलों के आदेश की बात करें तो, डॉ. बागरिया, रंजीत सिंह और प्रांजल हजारिका के तबादले 1 जून 2026 से लागू होंगे। वहीं, बाकी अधिकारियों के तबादले तुरंत प्रभाव से लागू हो जाएंगे। यह कदम दिल्ली में आईएएस अधिकारियों की तैनाती में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है।