Interstate Gang That Entered Wedding Ceremonies As Guests And Stole Cash jewelry Busted 9 Lakhs Recovered
समारोह में मेहमान बनकर घुसते, उड़ा लेते थे कैश-जूलरी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शादी-समारोहों में मेहमान बनकर घुसने और पलक झपकते ही कैश व जूलरी से भरा बैग उड़ाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच सोहना की पुलिस टीम ने गिरोह के एक शातिर सदस्य को मध्य प्रदेश के भोपाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किए 9 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर 2025 को सोहना निवासी एक व्यक्ति ने थाना शहर सोहना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि 28 नवंबर की रात को सोहना-पलवल रोड स्थित अग्रसेन भवन में उनके बेटे का शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान कोई चोर उनका बैग उड़ा ले गया, जिसमें लाखों रुपये की नकदी, जूलरी और अन्य जरूरी सामान था। पुलिस टीम ने आरोपी को 16 जुलाई को भोपाल रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। जिसकी पहचान निकिल निवासी गांव कड़िया सांसी, राजगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। आरोपी को पूछताछ व जांच के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शादियों में वारदात को अंजाम देता था। यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में जाकर बड़े शादी समारोहों को निशाना बनाता था। अच्छे कपड़े पहनकर ये लोग समारोह में मेहमानों की तरह घुस जाते थे। इसके बाद इनका पूरा फोकस उस व्यक्ति पर होता था, जो पैसों का लेन-देन संभाल रहा हो। जैसे ही वह व्यक्ति रुपयों या जूलरी का बैग कहीं रखता, ये मौका देखकर उसे पार कर देते और फरार हो जाते थे।
पांच राज्यों में दर्ज हैं 12 से ज्यादा मामले: पुलिस को आरोपी के आपराधिक रेकॉर्ड को खंगालने पर पता चला है कि वह एक आदतन अपराधी है। निकिल के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे विभिन्न राज्यों में चोरी, डकैती और अन्य गंभीर धाराओं के तहत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी से 9 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस टीम अब आरोपी से अन्य राज्यों और शहरों में अंजाम दी गई चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। जानकारी ली जा रही है कि अन्य कौन से लोग इसमें शामिल हैं।