स्मार्ट मीटर सिस्टम फेल, जमा बिल दिखा रहा बकाया

नवभारतटाइम्स.कॉम
smart meter system failed messages of outstanding dues even on paid bills consumer trouble increases
n NBT न्यूज, गाजियाबाद

स्मार्ट मीटर से जुड़ीं एक और समस्या ने उपभोक्ताओं को परेशानी में डाल दिया है। अब बिल अपडेट नहीं होने के कारण उनको दोबारा बिल जमा करने के मेसेज आ रहे हैं। विद्युत निगम में शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। अधिकारी तकनीकी दिक्कत और ऑनलाइन पेमेंट अपडेट में देरी की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। आरोप है कि पहले की अपेक्षा तीन गुना तक बिल आ रहे हैं, जबकि बिल पहले ही जमा किया जा चुका है। एक महीने में करीब 7 हज़ार से अधिक शिकायतें 1912 हेल्पलाइन और विभागीय कार्यालयों में पहुंच चुकी हैं। वहीं, कार्यालय में प्रतिदिन 150 से अधिक लोग बिल संबंधी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं।
जिले में करीब 2.64 लाख स्मार्ट मीटर लगे हैं। इनमें जोन-1 में 92 हजार मीटर में से करीब 2500, जोन-दो में 77 हजार में से 1500 और जोन-तीन में 95 हजार में से करीब 3000 उपभोक्ताओं की गलत बिल की शिकायतें हैं। तकनीकी अपडेट नहीं होने के कारण बिल जमा करने के बाद भी दोबारा भुगतान के मेसेज मिल रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सिस्टम अपडेट होने के दौरान कुछ उपभोक्ताओं के मोबाइल पर पुराने बकाया से संबंधित संदेश दोबारा भेजे जा रहे हैं, जबकि उन्होंने समय पर बिल जमा कर दिया। बिजली उपभोक्ताओं का कहना है कि बिल जमा करने के बावजूद बार-बार भुगतान का संदेश मिलने से उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि उनका भुगतान दर्ज हुआ है या नहीं। कई लोग दोबारा बिल जमा होने की आशंका के चलते बिजली निगम के कार्यालय पहुंचकर जानकारी ले रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं का सामान्य मासिक बिजली बिल 2,000 से 2,500 रुपये के बीच आता है, उन्हें इस बार 10,000 रुपये या उससे अधिक का बिल भेज दिया है।

रेकमेंडेड खबरें