Two Wards Closed In Mmg Hospital Due To Dilapidated Building Patients Troubles Increased
जड़ रहा प्लास्टर,बंद हुए दो वॉर्ड एमएमजी में बढ़ी मरीज़ों की परेशानी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गाजियाबाद
जिला एमएमजी अस्पताल का भवन जर्जर होने के कारण दो वॉर्ड बंद कर दिए गए हैं। अस्पताल में लगातार कई दिनों से प्लास्टर गिर रहा है। इस कारण अस्पताल में बेड की संख्या घट गई है और भर्ती मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेड की कमी के चलते रोजाना ओपीडी और आईपीडी से 10 से 12 मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ रहा है। सोमवार को भी आठ मरीज रेफर किए गए। पिछले 10 दिनों में ओपीडी-आईपीडी से 21 और इमरजेंसी से करीब 15 मरीजों को रेफर किया गया है।सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में 2,652 मरीज पहुंचे, जिनमें 1,278 महिलाएं, 934 पुरुष और 440 बच्चे शामिल रहे। इनमें 78 मरीजों को भर्ती किया गया। एडी के निर्देश पर मरीजों को डूडाहेड़ा और संजय नगर अस्पताल भेजा जा रहा है। बच्चों के लिए महिला अस्पताल में 10 बेड का वॉर्ड बनाने की तैयारी है। हालांकि मरीज दूसरे अस्पताल भेजे जाने का विरोध कर रहे हैं। तीमारदारों का कहना है कि बेड नहीं मिलने से मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि आई ओपीडी के पास वाले बेड पर मरीजों को शिफ्ट करने की व्यवस्था बनाई जा रही है। बेड नहीं होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों को आगे रेफर कर दिया जा रहा है।