50 Lakhs Fraud Showed Plot Took Money Then Sold To Another
प्लॉट दिखा लिए "50 लाख, दूसरे को बेचा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव: प्लॉट बेचने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को संपत्ति का अधिकृत प्रतिनिधि बताकर और फर्जी डॉक्युमेंट दिखाकर 50 लाख 70 हजार 832 रुपये ऐंठ लिए और वही प्लॉट किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। पीड़ित की शिकायत और आर्थिक अपराध शाखा की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी गार्डन निवासी बलदेव राज ने बताया कि जनवरी में सुमित नरूला नाम के व्यक्ति ने उन्हें सेक्टर-40 स्थित प्लॉट में निवेश का झांसा दिया। इसके बाद 22 जनवरी को टाउन रियल एस्टेट कार्यालय सेक्टर-51 में मुख्य आरोपी मोहित जैन निवासी DLF फेज-2 से मुलाकात कराई। मोहित जैन ने प्लॉट के एलॉटमेंट लेटर, कब्जा पत्र सहित अन्य डॉक्युमेंट दिखाकर खुद को अधिकृत प्रतिनिधि बताया। भिवानी निवासी कथित सह मालिकों वीना देवी, सुमन देवी, ममता कुमारी, पूनम कुमारी और दिलबाग सिंह से भी बात कराई। आरोपियों ने एग्रीमेंट कराकर पीड़ित से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के नक्शा स्वीकृति शुल्क के नाम पर 70 हजार 832 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में पीड़ित को पता चला कि ये प्लॉट पहले ही किसी अन्य व्यक्ति जगदीश गोयल को बेचा जा चुका है। जब पीड़ित ने मोहित से पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जांच में सामने आया कि मोहित जैन के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं।