Woman Defrauded Of 2 Crore In Canada Admission Scam Fraudster Arrested
कनाडा में ऐडमिशन के नाम पर महिला से ₹"2 करोड़ ठगे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : कनाडा के टोरंटो में आईबीटी कॉलेज में बेटी का दाखिला कराने और छात्र वीजा दिलाने का झांसा देकर एक जालसाज ने महिला से लगभग 2 करोड़ रुपये हड़प लिए। कोर्ट के आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जमीन बेचकर और उधार लेकर जुटाए थे रुपयेचिनहट के शिवपुरी निवासी अंजना मौर्या ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2021 में उनकी बेटी विदेश में पढ़ाई के लिए कोशिश कर रही थी। इसी दौरान उनका संपर्क चंदन यादव से हुआ। उसने खुद को टोरंटो के आईबीटी कॉलेज का अधिकृत एजेंट बताया। आरोपित ने उन्हें विजयंतखंड-1 स्थित अपने कार्यालय बुलाया। जून 2021 में आरोपित ने पंजीकरण के नाम पर 50 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद फीस, रहने-खाने और वीजा के बहाने लगातार खातों में रुपये जमा करवाता रहा। पीड़िता ने अपनी जमीन बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर वर्ष 2023 तक आरोपित के अलग-अलग बैंक खातों में लगभग ₹1.25 करोड़ ट्रांसफर किए और करीब 75 लाख रुपये नकद दिए।
पासपोर्ट भी नहीं लौटाया
नवंबर 2023 में आरोपित ने पीड़िता को फर्जी प्री-इनरोलमेंट लेटर थमा दिया और मां-बेटी का पासपोर्ट लेकर वीजा बनवाने का झांसा दिया। हालांकि, मई 2024 तक न तो दाखिला हुआ और न ही वीजा मिला। जब पीड़िता ने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपित घर और दफ्तर छोड़कर फरार हो गया। जब पीड़िता ने दबाव बनाया, तो आरोपित ने फोन व मैसेज कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा मां-बेटी के पासपोर्ट भी वापस नहीं किए।
इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर देवरिया निवासी चंदन यादव, उसके पिता रामजी यादव, मां अंबारी यादव, बहन कंचन यादव और प्रतिभा के खिलाफ धोखाधड़ी व धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।