14-15 मार्च को SI भर्ती परीक्षा

नवभारत टाइम्स

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड 14 और 15 मार्च को होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम कर रहा है। इस परीक्षा में करीब 16 लाख अभ्यर्थी भाग लेंगे। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की बैठक होगी। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए कोषागार अपनी रिपोर्ट देंगे।

14-15 मार्च को SI भर्ती परीक्षा
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने 14 और 15 मार्च को होने वाली SI भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए सुरक्षा-निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं। 60,244 सिपाहियों की भर्ती परीक्षा के बाद यह दूसरी बड़ी परीक्षा होने जा रही है। इसके लिए करीब 16 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सात फरवरी को 112 यूपी मुख्यालय, लखनऊ में बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी नोडल अधिकारी, पर्यवेक्षक, पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा, सुरक्षा प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण और जिम्मेदारियों का बंटवारा होगा। वहीं, प्रश्न पत्र को सुरक्षित रखने के लिए राज्य के सभी कोषागार 9 फरवरी तक अपनी सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट बोर्ड को भेज देंगे। बोर्ड के अधिकारी और एसटीएफ की टीमें एक-दूसरे के संपर्क में हैं। बीते 10 वर्षों में पेपर लीक और अभ्यर्थियों की जगह दूसरों को परीक्षा दिलवाने वाले सभी गैंग्स पर एसटीएफ की नजरें हैं। उन सोशल मीडिया हैंडल की भी निगरानी लगातार की जा रही है जो परीक्षाओं को लेकर अफवाहें और गलत सूचनाएं प्रसारित करते हैं। इनके खिलाफ बोर्ड की तरफ से एफआईआर भी करवाई जा रही हैं। हाल ही में परीक्षा की तारीखों को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी बोर्ड ने हुसैनगंज कोतवाली में FIR दर्ज करवाई थी।