कार सवारों ने युवक को अगवा कर की लूटपाट

नवभारत टाइम्स

सोहना के पास एक युवक का कार सवार तीन लोगों ने अपहरण किया। उन्होंने युवक से मारपीट कर तीन हजार रुपये लूट लिए। युवक की सिम भी तोड़ दी गई। युवक किसी तरह बचकर निकला और पुलिस के पास पहुंचा। सीमा विवाद के चलते तीन दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

sohna youth kidnapped and robbed police entangled in border dispute
सोहना: सोहना के खरोदा गांव के पास पैदल जा रहे एक युवक प्रदीप के साथ तीन कार सवारों ने मारपीट कर तीन हजार रुपये लूट लिए। युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया था। तीन दिन से थाने और चौकी के चक्कर काटने के बावजूद सीमा विवाद के चलते युवक की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पा रही है।

नाई नगला गांव के रहने वाले प्रदीप ने बताया कि दो दिन पहले सुबह वह खरोदा से दौलाह की ओर पैदल जा रहे थे। तभी एक इको कार उनके पीछे आकर रुकी। कार में तीन लोग सवार थे। उन्होंने प्रदीप को जबरन कार में खींच लिया। फिर रुमाल में किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल कर उसे बेहोश कर दिया। कार में बैठे एक व्यक्ति ने प्रदीप के साथ मारपीट की और उसके तीन हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद उन्होंने उसके मोबाइल की सिम तोड़कर फेंक दी। किसी तरह प्रदीप कार से निकल भागा।
आसपास के लोगों से पता चला कि बदमाश झज्जर क्षेत्र में थे। वहां से प्रदीप एक निजी बस से गुड़गांव पहुंचा। पिता के साथ वह सोहना सदर थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा। अगले दिन जब वे दोबारा थाने गए तो पुलिस ने कहा कि यह मामला निबोठ चौकी का है और उन्हें वहां भेज दिया। अभी तक प्रदीप की शिकायत पर केस दर्ज नहीं हो पाया है। यह मामला सोहना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। पीड़ित न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है।