बचने के लिए पुलिस पर किया फायर, मुठभेड़ के बाद दबोचा

नवभारत टाइम्स

नूंह में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच हजार के इनामी बदमाश आमिर को गिरफ्तार किया। यह बदमाश जूलरी की दुकान में लूट के प्रयास के मामले में वांछित था। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस पर फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर पर गोली मारी।

criminal fired at police and fled arrested after being shot in encounter
नूंह क्राइम ब्रांच ने लूट के प्रयास में वांछित 5 हजार के इनामी बदमाश आमिर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह बदमाश बुलंदशहर का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान आमिर घायल हो गया, जिसका इलाज नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने बताया कि पुन्हाना सीआईए टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट के प्रयास का वांछित आरोपी आमिर, जो बुलंदशहर के खैचातान शिकरावा रोड से गांव नई की ओर जाने वाला है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने शिकरावा रोड पर खैचातान के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायर भी कर दिया।
आरोपी पुन्हाना की तरफ भागने लगा। भागते हुए वह नाहरपुर की ओर मुड़ गया, लेकिन थोड़ी दूर जाकर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायर किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर पर निशाना लगाया, जिससे गोली उसके दाएं पैर में लगी। पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया और उसके पास से हथियार भी बरामद किया।

घायल आमिर को पहले सीएचसी पुन्हाना अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज नूंह में भर्ती कराया गया है। यह बदमाश पुन्हाना में एक जूलरी की दुकान से लूट के प्रयास के मामले में वांछित था और काफी समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।