बदायूं जिले में गुरुवार दोपहर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट में घुसकर DGM और असिस्टेंट सेल्स मैनेजर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में नौकरी से निकाले जाने से नाराज एक पूर्व कर्मचारी पर हमला करने का आरोप लगा है। घटना दातागंज तहसील क्षेत्र के मूसाझाग थाना इलाके के गांव सैंजनी स्थित HPCL प्लांट की है। पुलिस के मुताबिक प्लांट के डीजीएम सुधीर गुप्ता (55) और असिस्टेंट सेल्स मैनेजर हर्षित मिश्रा (40) गुरुवार दोपहर करीब एक बजे कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान सैंजनी गांव का रहने वाला प्लांट का पूर्व कर्मचारी अपने कुछ साथियों के साथ बोलेरो से प्लांट में घुस आया। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले कंपनी ने उसे ब्लैकलिस्ट कर नौकरी से निकाल दिया था। तभी से उसका अफसरों से विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी प्लांट में पहुंचते ही अधिकारियों से गाली-गलौज करने लगा। जब अधिकारियों ने इसका विरोध किया तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से DGM सुधीर गुप्ता और मैनेजर हर्षित मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्लांट के कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को तुरंत दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दे चुका था और इस संबंध में मामला अदालत में भी चल रहा था। खतरे की आशंका को देखते हुए अधिकारियों की ओर से पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही डीएम अवनीश राय, एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह और बरेली रेंज के डीआईजी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और फरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। एहतियात के तौर पर प्लांट में बाहरी लोगों की एंट्री फिलहाल बंद कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सैंजनी गांव के प्रधान का चाचा है।

