रेप करने के बाद गला कसकर की थी हत्या

नवभारत टाइम्स

मोहनलालगंज के सिसेंडी में मां-बेटे की हत्या का खुलासा हो गया है। एक युवक की गवाही से पुलिस आरोपी किशन रावत तक पहुंची। वारदात के बाद आरोपी अर्धनग्न हालत में भागा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी को पकड़ा। आरोपी ने नशे में वारदात को अंजाम दिया। पहले पीटकर अधमरा किया फिर रेप किया।

mother son murdered by strangulation after rape accused kishan arrested
मोहनलालगंज के सिसेंडी में हुई मां-बेटे की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने एक अहम गवाह की मदद से मुख्य आरोपी किशन रावत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने नशे की हालत में पहले रुपये के विवाद में मां-बेटे को धक्का देकर गिराया, जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद उसने बेटे को पीटकर और गमछे से गला घोंटकर मार डाला। बेटे की मौत के बाद होश में आई मां पर भी उसने हमला किया, रेप किया और फिर पैजामी से गला घोंटकर उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

मोहनलालगंज के सिसेंडी में हुई मां-बेटे की हत्या के मामले में पुलिस को एक ऐसे युवक की गवाही मिली, जिसने आरोपी किशन रावत को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वारदात के बाद आरोपी किशन रावत अर्धनग्न हालत में मां-बेटे के घर से भाग रहा था, जिसे एक युवक ने देखा था। इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि गवाह ने पुलिस को यह भी बताया था कि आरोपी काफी घबराया हुआ था और भीगा हुआ भी था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी की पहचान और पुख्ता हो गई। पुलिस ने इस मामले में रेप और अन्य गंभीर धाराओं को भी जोड़ा है।
बाजखेड़ा हुलासखेड़ा में बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पकड़े गए किशन उर्फ केशन ने पुलिस को बताया कि 9 मार्च की रात करीब 7:30 बजे वह मां-बेटे के घर गया था। उसने धक्का देकर दरवाजा खोला। आवाज सुनकर बेटे ने पूछा कि कौन है? इस पर किशन ने युवक से उसकी मां के बारे में पूछा। महिला के घर में न होने की बात सुनकर वह लौट गया। इसके बाद आरोपी रात 8:15 बजे फिर से मां-बेटे के घर पहुंचा था। उसने रुपये लौटाने के लिए आवाज लगाई।

आरोपी ने बताया कि उसने शराब पी रखी थी। नशे में उसने मां-बेटे को 100 रुपये वापस किए और कहा कि 60 रुपये बाद में देगा। इस पर महिला ने पूरे रुपये देने को कहा। आरोपी ने 500 रुपये निकालकर बाकी काटने के लिए कहा। इसी बीच बेटे ने मां से कहा कि किशन बिना बताए घर में घुस जाता है। दुकान से जो रुपये और सामान चोरी हुआ था, वह उसने ही चोरी किया है। युवक ने मां से पुलिस बुलाने के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच नोकझोंक हो गई। मां-बेटे ने आरोपी को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उसकी कोहनी में चोट लग गई थी।

आरोपी ने बताया कि उसने मां-बेटे को लात मारकर गिरा दिया था। जमीन से सिर टकराने पर दोनों बेसुध हो गए थे। इसके बाद उसने बेटे को पीटा और गमछे से उसका गला कस दिया। यही नहीं, युवक का सिर नांद में भरे पानी में डुबो दिया, जिसके चलते युवक की मौत हो गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक, युवक की पीएम रिपोर्ट में स्टेंग्यूलेशन (गला घोंटना) और स्मूदरिंग (दम घुटना) दोनों की पुष्टि हुई है।

किशन ने बताया कि कुछ देर में महिला होश में आ गई। बेटे को मृत देखकर उसने शोर मचाने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। महिला को पीटकर अधमरा कर दिया और उसके साथ रेप किया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने महिला की पैजामी से ही उसका गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद पैजामी को चारपाई के पावे से बांध दिया था।

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के मुताबिक, महिला की पीएम रिपोर्ट में शरीर पर 12 एंटीमॉर्टम चोटें मिली हैं। इससे साफ है कि महिला के साथ जिंदा रहते ही रेप किया गया था। महिला के प्राइवेट पार्ट पर भी एंटीमॉर्टम इंजरी (जीवित अवस्था में लगी चोटें) पाई गई हैं। डीसीपी के मुताबिक, महिला के शरीर पर एक भी पोस्टमॉर्टम इंजरी (मृत्यु के बाद लगी चोटें) नहीं है। इंस्पेक्टर ने बताया कि किशन को जेल भेज दिया गया है। उसके कपड़े, स्वाब और अन्य चीजें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दी गई हैं। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।