n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
गाजियाबाद के नंदग्राम क्षेत्र स्थित राजनगर एक्सटेंशन की स्टार रामेश्वरम सोसायटी में एक फ्लैट को बैंक में गिरवी रखकर दोबारा बेचने का मामला सामने आया है। फ्लैट मालिक सुरेंद्र कुमार त्यागी ने बिल्डर कंपनी स्टार रियलकन के पार्टनर्स गोल्डी गुप्ता और नितिन गुप्ता पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए नंदग्राम थाने में केस दर्ज कराया है।
सुरेंद्र कुमार के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2018 में डी-1104 नंबर फ्लैट करीब 42.5 लाख रुपये में खरीदा था। फ्लैट खरीदने के लिए उन्होंने बैंक से होम लोन लिया और मार्च 2018 में रजिस्ट्री उनके नाम हो गई। वह लगातार बैंक की किस्तें भी जमा कर रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि अगस्त 2024 में दूसरे बैंक के कर्मचारी फ्लैट पर पहुंचे और मकान खाली कराने का नोटिस चस्पा कर गए। तब उन्हें पता चला कि इसी फ्लैट पर पहले किसी अन्य व्यक्ति के नाम से भी लोन लिया जा चुका है।
आरोप है कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट अलग-अलग लोगों को बेचकर कई बैंकों से लोन हासिल किया। सुरेंद्र कुमार ने बिल्डर और बैंकिंग प्रक्रिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

