एयरपोर्ट पर जॉब का सपना दिखा 250 युवाओं को ठगा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
250 youth defrauded of 25 lakhs by luring with airport jobs woman arrested
सबहेड : नोएडा के सेक्टर 143 की सोसायटी से आरोपी महिला अरेस्ट

- टाटा और इंडिगो में प्लेसमेंट का झांसा देकर वसूलती थी रुपये
फेसबुक-इंस्टाग्राम पर बनाए थे पेज, लैपटॉप में मिले फर्जी जॉब लेटर

आरोपी महिला लॉजिक्स ब्लॉसम सोसायटी में किराये पर रहती थी

उसने 250 से अधिक बेरोजगारों से करीब 25 लाख रुपये ठग लिए

प्रोसेसिंग फीस और ऑनलाइन ट्रेनिंग के नाम पर पैसे लेती थी

NBT रिपोर्ट, नोएडा

एयरपोर्ट पर नौकरी पाने की चाह रखने वाले युवाओं को टाटा और इंडिगो जैसी कंपनियों में प्लेसमेंट दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाली महिला को साइबर थाना पुलिस ने अरेस्ट किया है। यह 40 वर्षीय महिला (असम) सोशल मीडिया पर नौकरी के विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। पुलिस को उसके लैपटॉप में अलग-अलग कंपनियों के जॉब लेटर और मोबाइल में रुपये के लेनदेन से जुड़ी चैट मिली है। जांच में सामने आया है कि वह 250 से अधिक लोगों के साथ 25 लाख रुपये की ठगी कर चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, महिला असम के तेजपुर गांव की ब्यूटी बोरबोरह उर्फ निशा है। फिलहाल वह नोएडा में सेक्टर 143 की लॉजिक्स ब्लॉसम सोसायटी में किराये पर रहती है। एनसीआरपी पोर्टल पर उसके मोबाइल नंबर के खिलाफ ठगी की कई शिकायतें मिली थीं। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू की और महिला की तलाश में जुट गई। पता चला कि महिला साइन एजुकेशन नाम से कंपनी चलाती है। वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्लेसमेंट इंडिया के नाम से अलग-अलग पेज बनाकर टाटा और इंडिगो जैसी कंपनियों में ट्रेनिंग और नौकरी दिलाने का प्रचार करती थी। नौकरी की तलाश कर रहे लोग जब दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करते तो उनसे पहले फॉर्म भरने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस ली जाती। इसके बाद ऑनलाइन ट्रेनिंग के नाम पर एडवांस रकम जमा कराई जाती।

एक पीड़ित से लिए 77 हजार रुपये

पूछताछ में आरोपी महिला ने गुड़गांव निवासी रुचित जौहर से 77 हजार रुपये लेने की बात स्वीकार की। महिला ने रुचित से नौ मार्च 2026 को 20 हजार रुपये, 20 से 27 अप्रैल के बीच 18 हजार रुपये और 14 मई को 39 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवाए थे। इसके अलावा आरोपी ने इंडसइंड बैंक में भी नौकरी दिलाने के नाम पर कई बार पैसे लिए।

लैपटॉप और मोबाइल सील किए

साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह राणा की टीम ने 30 अक्टूबर को आरोपी महिला को उसके फ्लैट से पकड़ा। पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप और मोबाइल बरामद किया। जांच में मोबाइल पर पीड़ितों के साथ रुपये के लेनदेन से जुड़ी चैट के स्क्रीनशॉट मिले। लैपटॉप में एयरपोर्ट क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग कंपनियों के जॉब लेटर मिले हैं। पुलिस ने दोनों इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर सील कर दिया।

रेकमेंडेड खबरें