पिकप-बुलेट की आमने-सामने टक्कर, किशोर की जान गई

नवभारतटाइम्स.कॉम•
bijnor teenager dies in fatal pickup bullet collision companion critically injured
nNBT न्यूज, बिजनौर : बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बंथरा-बिजनौर रोड पर भौनवाल स्कूल के पास तेज रफ्तार बोलेरो पिकप और बुलेट बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे यश (16) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी आयुष (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पिकप चालक वाहन समेत फरार हो गया।

नूर नगर भदरसा निवासी कश्मीर यादव का बेटा यश कक्षा आठ का छात्र था। गांव के ही अखिलेश यादव का बेटा आयुष कक्षा दस में पढ़ता है। दोनों शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बुलेट से किसी काम से बिजनौर जा रहे थे। बंथरा-बिजनौर रोड पर तहसील से पहले भौनवाल स्कूल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यश उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आयुष के दोनों पैर टूट गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों को जानकारी दी। आयुष को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार पिकप चालक की तलाश कर रही है। यश के परिवार में माता-पिता, दो भाई और दो बहनें हैं।

रेकमेंडेड खबरें