महिला से 18 लाख की धोखाधड़ी में 4 पर केस दर्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम•
greater noida 18 lakh fraud in delight homes project fir registered against 4
nNBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

दनकौर कोतवाली क्षेत्र में डिलाइट होम्स परियोजना के नाम पर दिल्ली निवासी एक महिला से 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर निवासी राखी निंबा ने शिकायत में बताया कि उन्होंने यूटीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनुराग प्रताप राय और अनुराधा प्रताप राय से दनकौर देहात स्थित डिलाइट होम्स परियोजना में 100 वर्ग गज का प्लॉट 18 लाख रुपये में खरीदा था। इसकी पूरी रकम चेक और बैंक ट्रांसफर के जरिए दी गई थी। 30 जून 2023 को उपनिबंधक कार्यालय में प्लॉट की रजिस्ट्री भी करा दी गई थी। आरोप है कि रजिस्ट्री के बाद भी न तो प्लॉट का दाखिल-खारिज कराया गया और न ही कब्जा दिया गया। पीड़ित के मुताबिक, नवंबर 2020 में हुए एक अन्य समझौते में बिल्डर ने 6 महीने में 22 लाख रुपये लौटाने और सिक्यॉरिटी के तौर पर चेक देने का वादा किया था लेकिन रकम वापस नहीं की गई। उन्होंने अनुराग प्रताप राय, उनकी पत्नी दीक्षा राय, बहन अनुराधा और पार्टनर रामकुमार गुप्ता पर साजिश के तहत धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अधिकारियों के आदेश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

रेकमेंडेड खबरें