हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम•
हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
nNBT रिपोर्ट, नोएडा : पर्थला ब्रिज के पास कार की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त भी घायल हुआ था। मृतक के परिजन की शिकायत पर फेज 3 थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-63 छिजारसी निवासी संजय कुमार के भतीजे आयुष 26 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे बाइक से गौर सिटी जा रहे थे। उनके साथ दोस्त रौनक भी था। आरोप है कि पर्थला ब्रिज पार करने के दौरान तेज गति से आई एक सफेद कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आयुष के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने आयुष को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 29 अक्टूबर को आयुष की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया।

रेकमेंडेड खबरें