अनिश्चितता और रोमांच के खेल से भरी राजनीति

नवभारतटाइम्स.कॉम•
politics a game of uncertainty thrill and understanding the world
प्राचीन यूनान के राजनेता Pericles ने युद्ध में मारे गए सैनिकों की स्मृति में जो भाषण दिया था, वह इतिहास में जनता की राजनीतिक जिम्मेदारी से जुड़े एक प्रसिद्ध कथन के रूप में दर्ज हो गया। 'हम यह नहीं कहते कि जो व्यक्ति राजनीति में कोई रुचि नहीं रखता, वह सिर्फ अपना काम करता है। हम यह कहते हैं कि उसका इस समाज में कोई काम नहीं है।' 2400 साल से ज्यादा हो गए इस बात को, तब से राजनीति बिल्कुल ही बदल चुकी है। लेकिन, इसका मूल भाव अब भी वही है - जिम्मेदारी और भागीदारी।

आज राजनीति दुनिया की सबसे दिलचस्प चीजों में से एक है। ऐसी, जो कभी खबरों से बाहर नहीं रहती, भले वह चल कहीं और रही हो। इस्राइल और अमेरिका के हालिया चुनाव को लीजिए- वोटिंग से काउंटिंग तक, नतीजों का इंतजार ऐसे था, जैसे वहां हमारा खुद का वोट पड़ा हो। इसकी वजह क्या है? राजनीति का स्वाभाविक रोमांच, जो साथ में ले आता है आनंद। हर चुनाव एक कहानी है, कई किरदारों से भरी। दांव-पेच, रणनीति और कूटनीति से भरपूर। कई बार मंच पर दिखता कुछ है और पर्दे के पीछे होता कुछ है। भूमिकाएं बदलती हैं, समीकरण बनते-बिगड़ते हैं और आखिरी वक्त तक पता नहीं चलता कि कहानी आखिर खत्म कहां होगी। और हकीकत में यह खत्म होती भी नहीं। एक सिरा बच ही जाता है हमेशा, जिससे फिर आगे की कड़ियां जुड़ती जाती हैं। यही अनिश्चितता कमाल बनाती है राजनीति और उसके चुनावों को।
हालांकि बात बस इतनी-सी भी नहीं है। डोपामिन और एड्रेनालिन के खेल के बीच में छिपी है दुनिया को समझने की उत्सुकता। दूसरे देशों की पॉलिटिक्स और इलेक्शन यह देखने का भी मौका हैं कि वहां चल क्या रहा है, कौन-से मुद्दे वहां की जनता को प्रभावित करते हैं, और क्या आम लोगों की सियासी नब्ज एक जैसी ही होती है। यही वजह है कि अमेरिका में उठती महंगाई के खिलाफ आवाज एक आम भारतीय को छूती है। और इस्राइल में सुरक्षा का जो सवाल पूछा जा रहा, वही तमाम मुल्कों की समस्या है।

ग्लोबलाइजेशन ने देशों की अर्थव्यवस्थाओं को ही नहीं, उनकी पॉलिटिक्स को भी जोड़ दिया है। आज जब कहीं और की संसद में बहुमत बदलता है, तो असर कहीं और भी पड़ता है। अमेरिका में ट्रंप नंबर गेम में कमजोर पड़े और युद्ध, टैरिफ व व्यापार को लेकर आकलन शुरू हो गया। इसी तरह इस्राइल में सत्ता किसके हाथ में रहेगी, यह पश्चिम एशिया की भू-राजनीति को प्रभावित कर सकता है। यूं राजनीति किसी दौर को समझने का सबसे बढ़िया जरिया है। और सबसे अच्छी बात, बहुत कम चीजें हैं, जो पसंद हों और हमेशा चलती भी रहें।

रेकमेंडेड खबरें