बुलंदशहर में बड़ी वारदात करने की फिराक में था नसीम

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

बुलंदशहर में एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में मारा गया 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान जिले में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। वह यहां अपने एक साथी से मिलने पहुंचा था। पुलिस को उसके बुलंदशहर पहुंचने की सूचना मिली थी। टीम ने जब उसकी घेराबंदी शुरू की तो नसीम ने पहले स्कूटी से मौके से भागने का प्रयास किया। बाद में पीछा किए जाने के दौरान स्कूटी फिसल गई। इसके बाद उसने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसके पास से दो पिस्टल बरामद की हैं। गुरुवार रात करीब 12:25 बजे पुलिस टीम ने सुखलालपुर गांव के पास एक संदिग्ध शख्स को स्कूटी से जाते देखा। टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो वह कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गया। इसी दौरान तेज गति के कारण स्कूटी फिसलकर गिर गई। पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर सरेंडर करने को कहा, लेकिन नसीम ने कथित तौर पर दोनों पिस्टलों से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि नसीम ने कई राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर अक्षय पीके त्यागी की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी। दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर सुंदर गौतम, हेड कॉन्स्टेबल सुमित कुमार और नोएडा एसटीएफ के हेड कॉस्टेबल मुकेश सिंह गोली लगने से घायल हो गए। नसीम दुर्रानी लगभग दो साल से फरार चल रहा था और सोशल मीडिया के जरिये लोगों में दहशत फैलाता था। उसके नाम पर सोशल मीडिया पर कई अकाउंट हैं। कई विडियो में वह हथकड़ी और पुलिसकर्मियों के साथ दिखा है।

रेकमेंडेड खबरें