नई कारों में खराबी, शोरूम पर तीसरे दिन भी लोगों का हंगामा
नई कारों में खराबी, शोरूम पर तीसरे दिन भी लोगों का हंगामा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
साइट-4 स्थित महिंद्रा शोरूम से बेची गईं नई कारों में तकनीकी खराबी आने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। तीसरे दिन शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्राहक अपनी कारों में आई समस्याओं को लेकर शोरूम पहुंचे। खासकर स्कॉर्पियो-एन में खराबी की शिकायतों पर ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शोरूम पर जमकर हंगामा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान धक्कामुक्की में शोरूम का मुख्य गेट टूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। ग्राहकों का आरोप है कि एक से आठ महीने पुरानी कारों में अचानक तकनीकी खराबी आ रही है। किसी की कार रफ्तार नहीं पकड़ रही तो किसी का इंजन चलते-चलते बंद हो रहा है। कई ग्राहकों ने स्टियरिंग में खराबी और झटके लगने जैसी समस्याएं भी बताईं। उनका कहना है कि 10 से 15 दिन पहले तक कारें सामान्य रूप से चल रही थीं, लेकिन अब अचानक बंद होने लगी हैं। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि कार के वॉरंटी में होने के बावजूद शोरूम प्रबंधन उन्हें ठीक करने में आनाकानी कर रहा है। मरम्मत के नाम पर पैसे मांगने की शिकायत भी की गई। मौके पर पहुंचे अधिवक्ता उमेश भाटी और उपेंद्र ने भी ग्राहकों के साथ शोरूम प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्राहकों ने मांग की कि कारों में आई खराबी को वॉरंटी के तहत ठीक किया जाए। उनका आरोप है कि तकनीकी खामियां कारों के निर्माण के दौरान ही रह गई हैं। शोरूम के सर्विस मैनेजर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कारों में आ रही समस्याओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही खराबी का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। ग्राहकों की कारों को जल्द ठीक कराकर समय पर डिलिवरी देने का प्रयास किया जा रहा है।