ज़हर का इंजेक्शन दे हत्या की आशंका

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

सेक्टर-80 के ककराला में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की गुत्थी पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है। पोस्टमॉर्टम में युवक हसीन के शरीर में गोली नहीं मिलने की पुष्टि हुई है। मौत का कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूत्रों के मुताबिक, युवक को जहर का इंजेक्शन देकर हत्या करने की आशंका है। इसके बाद डेडबॉडी ककराला के पुस्ता रोड पर डंप कर दी गई। जांच टीम शुक्रवार तक 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाल चुकी है। इसमें दो जगह मृतक अपने कमरे की तरफ जाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद का पुलिस के पास अभी तक कोई सबूत हाथ नहीं लगा है।
सेंट्रल नोएडा डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की कॉपी नहीं मिली है। डॉक्टरों से जानकारी की गई तो मृतक के शरीर से गोली नहीं मिलने की बात सामने आई है। वहीं पुलिस की जांच की सुई अब भी अवैध संबंध पर टिकी हुई है। तीन लड़कों को पहले ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कंपनी में काम के दौरान उसका किसी से विवाद तो नहीं हुआ था। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास एक कपड़ा मिला है, जिस पर खून के धब्बे हैं। पुलिस को इस कपड़े से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। साथ ही आशंका है कि उसकी आंख पर अथियार से वार करने के बाद खून रोकने के लिए उसी कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। इसे फरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है।

रेकमेंडेड खबरें