भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को गुड़गांव के डीएलएफ-2 स्थित मेटा ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया और ताला जड़ दिया। प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऑफिस के गेट पर ताला जड़कर विरोध जताया।पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सभी कार्यकर्ताओं को डिटेन किया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दे उठाने वालों की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि दोनों नेताओं के अकाउंट किसके आदेश पर बंद किए गए और क्या मेटा किसी राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कंपनी से कार्रवाई का स्पष्ट कारण बताने की मांग की। कटारिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं और युवा कांग्रेस के पेजों के पोस्ट हटाए जाने की शिकायतें भी मिल रही हैं। उन्होंने मेटा से अकाउंट बंद करने का कारण, हटाए गए पोस्ट का विवरण और प्रभावित लोगों को अपील का मौका देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अभिव्यक्ति की आजादी के लिए है और जवाब नहीं मिलने पर युवा कांग्रेस सड़क से अदालत तक विरोध जारी रखेगी। प्रदर्शन में अभिषेक यादव, अमरजीत गुर्जर, मोहित तंवर, गौतम यादव, करुण तंवर, ओजस्वी आदि मौजूद रहे।