बेकाबू ट्रॉले ने तीन कारों को मारी टक्कर, कई लोग घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव

द्वारका एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एवीएल-36 सोसायटी के सामने अनियंत्रित ट्रॉले ने एक के बाद एक तीन कारों को टक्कर मार दी। तीनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कई लोग चोटिल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सेक्टर-37 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। फिलहाल केस दर्ज नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेजी से आ रहे लोडिंग ट्रॉले के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रॉला सड़क पर चल रही तीन कारों से टकराता चला गया। इस दौरान एक कार ट्रॉले के साथ घिसटती हुई एक्सप्रेसवे के किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। ट्रॉले और कार के गड्ढे में गिरने से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तीन वाहनों में दो कमर्शल टैक्सी और एक निजी कार शामिल हैं। दुर्घटना में दोनों टैक्सियों में सवार कई लोग चोटिल हुए। इनमें एक को गंभीर चोटें आई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त वाहन और लोगों की भीड़ जमा होने से ट्रैफिक प्रभावित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गहरे गड्ढे में फंसे ट्रॉले और कार को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगवाई गई। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

रेकमेंडेड खबरें