n NBT न्यूज, लखनऊ : सुशांत गोल्फ सिटी के चर्चित होटल में हुए समरीन हत्याकांड के आरोपित प्रेमी अवनीश जायसवाल की जेल के शौचालय में आत्महत्या के मामले में जेल प्रशासन ने चार बंदियों की सर्कल बदल दी है। इनमें तौहीद भी शामिल है, जिसका नाम अवनीश की मौत के बाद चर्चा में आया था।
वरिष्ठ जेलर ऋतिक प्रियदर्शी ने बताया कि रात के समय बैरक में पहरे की ड्यूटी करने वाले तीन बंदियों और तौहीद को दूसरी सर्कल में भेजा गया है। तीनों बंदियों पर रात्रि पहरे में लापरवाही बरतने का आरोप है। जेल प्रशासन के मुताबिक, जिला कारागार में निरुद्ध विचाराधीन बंदी अवनीश जायसवाल की आत्महत्या के मामले में प्रथमदृष्टया ड्यूटी में लापरवाही सामने आई है। इसके चलते बैरक प्रभारी हरिओम, जेल वार्डर देव प्रकाश सिंह, हेड जेल वॉर्डर उदय नारायण और हेड जेल वार्डर दीपेंद्र सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।