डंपर में घुसी कार, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, युवती की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम•
डंपर में घुसी कार, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, युवती की मौत
n NBT न्यूज, लखनऊ : मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में रायबरेली-लखनऊ हाइवे पर गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हरकशगढ़ी के पास गिट्टी मिक्सर प्लांट से सड़क पर निकले डंपर में तेज रफ्तार कार घुस गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने भी कार में जोरदार टक्कर मार दी। डंपर और ट्रक के बीच फंसकर कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। उसमें सवार पांच लोग अंदर फंस गए।

कार को काटकर युवती को निकाला
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार चालक समेत तीन महिलाओं को बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर-2 भेजा गया। वहीं, पिछली सीट पर फंसी युवती को निकालने में पुलिस को करीब पौने दो घंटे लग गए। कार का हिस्सा काटकर उसे बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में युवती को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चारों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

शादी से लौट रहे थे कार सवार

पीजीआई के वृंदावन सेक्टर-6 निवासी अधिवक्ता राजेश सिंह ने बताया कि गुरुवार को उनकी पत्नी गीता (50), बेटी समीक्षा (20), पड़ोसी शिखर (30), उसकी पत्नी सुकृति (40) और मां आशा (55) मोहनलालगंज के शिवगढ़ रिसॉर्ट में आयोजित शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब पौने 12 बजे शिखर कार से सभी को लेकर घर लौट रहा था। हरकशगढी पुलिस चौकी चौराहे से आगे अल्ट्राटेक प्लांट के पास अचानक तेज रफ्तार डंपर सड़क पर आ गया। कार उससे टकरा गई। इसी बीच पीछे से आए ट्रक ने भी टक्कर मार दी।

डंपर चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद कार में फंसे लोग चिल्लाने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि समीक्षा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। उसकी तलाश के लिए अल्ट्राटेक गिट्टी मिक्सर प्लांट के गेट का निकासी रजिस्टर कब्जे में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

रेकमेंडेड खबरें