n NBT न्यूज, लखनऊ : शहीद पथ पर शुक्रवार सुबह इंडियन ऑइल का पेट्रोल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर में पेट्रोल होने की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर विभूतिखंड और गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर कुछ देर के लिए रास्ता बंद कर दिया गया। साथ ही वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को सिगरेट या किसी भी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।
एफएसओ गोमतीनगर ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे कमता जा रहा टैंकर हुसड़िया चौराहे के पास शहीद पथ पर पलट गया। चालक ने पुलिस को बताया कि टैंकर में पेट्रोल भरा है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल टैंकर के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई। पुलिसकर्मियों ने बाइक से लगातार अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को आग या चिंगारी पैदा करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी। इस बीच क्रेन मंगवाकर टैंकर को सीधा कराया गया। इसके बाद उसे पॉलिटेक्निक के पास स्थित एक खाली प्लॉट में खड़ा करवाया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी की हल्की बौछार कर सड़क की सफाई करवाई। पुलिस और फायर टीम की सतर्कता से स्थिति नियंत्रित कर ली गई। हादसे के कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।