बैंक लॉकर से "1 करोड़ के गहने गायब होने का आरोप

नवभारतटाइम्स.कॉम•
बैंक लॉकर से "1 करोड़ के गहने गायब होने का आरोप
n NBT न्यूज, लखनऊ : इंडियन बैंक की चौक शाखा के लॉकर से करीब एक करोड़ रुपये के पुश्तैनी गहने गायब होने का मामला सामने आया है। एनएचएम में जनरल मैनेजर रवि प्रकाश दीक्षित ने बैंक प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एसीपी चौक से शिकायत की।

चौक के सराय माली खां निवासी रवि प्रकाश का पत्नी गीता के साथ बैंक में संयुक्त खाता है। उनके मुताबिक, नवंबर 2024 में उन्होंने लॉकर में स्टील के डिब्बे में पुश्तैनी गहने रखे थे। गुरुवार सुबह करीब 10:05 बजे लॉकर खोलने पहुंचे तो डिब्बे समेत गहने गायब मिले। उन्होंने बैंक मैनेजर से शिकायत की। मैनेजर ने बताया कि लॉकर की दो चाबियां होती हैं। एक बैंक के पास और दूसरी लॉकर धारक के पास रहती है। लिखित शिकायत पर जांच का आश्वासन दिया गया, लेकिन संतुष्ट नहीं होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पीड़ित के मुताबिक, डिब्बे में आठ सोने की चेन, दो जोड़ी कड़े, दस अंगूठियां, तीन छोटी अंगूठियां, दो बड़े झाले समेत अन्य जेवर थे। इनमें कुछ गहने माता-पिता और सास-ससुर ने दिए थे, जबकि कुछ उन्होंने खुद खरीदे थे। इनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। एसीपी शुभम कुमार ने बताया कि शुक्रवार को बैंक पहुंचकर जांच की गई। बैंक के दस्तावेजों में लॉकर संचालन की एंट्री और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेकमेंडेड खबरें