NBT न्यूज, लखनऊ : गोमती रिवर फ्रंट की रंगीन रोशनी को संचालित करने वाली केबल चोरी हो गई है। इसके चलते शाम का लाइटिंग शो बंद पड़ा है। अब एलडीए 21 नवंबर के बाद नई केबल लगवाकर रंगीन फव्वारे वाली लाइटें दोबारा शुरू कराएगा। इससे 1090 चौराहा, गांधी सेतु और गोमती बैराज एक बार फिर रंगीन रोशनी से जगमगाएंगे। पुल और बैराज से नदी की ओर रंगीन रोशनी के बीच फव्वारों का नजारा भी दिखेगा। एनबीटी ने 20 नवंबर के अंक में 'शहर की शान पर अंधेरगर्दी का शो' शीर्षक से इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेने के बाद जिम्मेदारों ने कार्रवाई शुरू की तो रिवर फ्रंट की केबल चोरी होने का मामला सामने आया।LDA की विद्युत इकाई के सहायक अभियंता (एई) भगत सिंह राणा ने बताया कि केबल चोरी होने से लाइटिंग शो बंद हो गया था। 21 नवंबर के बाद नई केबल लगवाकर गोमती बैराज पुल और गांधी सेतु के नीचे लगी रंगीन फव्वारे वाली लाइटें दोबारा चालू कराई जाएंगी।
वहीं, घंटाघर तालाब के फव्वारे और लाइटें भी जल्द दुरुस्त होंगी। वहीं हुसैनाबाद ट्रस्ट के सचिव महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि महीनों से बंद पड़े फव्वारों और लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके बाद शाम का म्यूजिकल लेजर शो फिर शुरू हो सकेगा।