काम के लिए बहरीन गए आजमगढ़ निवासी सौरभ राय को तंबाकू साथ ले जाना भारी पड़ा। बहरीन एयरपोर्ट पर उनके सामान की चेकिंग में चुनौटी और खैनी मिली। इस पर कस्टम विभाग ने उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि सौरभ को 18 दिनों तक बेहद ठंडे कमरे में रखा गया। 7,200 दीनार यानी करीब 18 लाख रुपये का जुर्माना भरने के बाद उनकी रिहाई हो सकी। वह सऊदी अरब से चेन्नै और दिल्ली होते हुए शनिवार को घर पहुंच पाए।आजमगढ़ के अहरौला स्थित भवरूपुर गांव निवासी सौरभ राय काम के लिए 29 अक्टूबर को मुंबई से बहरीन गए थे। वहां एयरपोर्ट पर उनके सामान में कस्टम अधिकारियों को चुनौटी और तंबाकू मिला। इसके बाद उनका मोबाइल और बैग जब्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। परिवार से संपर्क टूटने पर परिजनों ने स्थानीय प्रशासन के साथ विदेश और गृह मंत्रालय से मदद मांगी। उन्होंने बहरीन में रहने वाले परिचितों से भी संपर्क किया। परिचितों की मदद से बहरीन में वकील की व्यवस्था की गई। इसके बाद अदालत में जुर्माना जमा करवाया गया, तब रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई।
सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि सौरभ की सकुशल वापसी की जानकारी मिलने के बाद संबंधित थाने से पुलिसकर्मियों को भेजकर उनका बयान दर्ज करवाया गया है। सौरभ के बड़े भाई ऋषभ राय ने बताया कि आजमगढ़ के एसएसपी की सक्रियता से सौरभ की वापसी संभव हो सकी। सौरभ टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित हैं। उनका इलाज चल रहा है।