क्या सही है उसका फै़सला

Contributed by: बिभा त्रिपाठी|नवभारतटाइम्स.कॉम•
marriage terms in changing times are todays generations demands wrong
नवरात्रि में अभी हम घरवाले यह सोच ही रहे थे कि इस बार किस रिश्तेदार के यहां शादी होने वाली है, तब ही एक तय रिश्ते के टूटने की खबर मिली। पता चला कि लड़के वाले पुराने ढर्रे पर विवाह की शर्तें तय कर रहे थे और इधर लड़की ने अपनी शर्तें गिनानी शुरू कर दी। इसे स्वीकार करना उस पितृसत्तात्मक परिवार के लिए नाक कटवाने जैसा था। इसलिए उन्होंने दो टूक कह दिया कि ऐसे में हम शादी नहीं कर पाएंगे।

उन्हें लग रहा था कि लड़की वाले आएंगे और गिड़गिड़ाएंगे, तब हम भी शर्तों में थोड़ी ढील देते हुए बात पक्की कर लेंगे। एक तरफ वे लोग इंतजार कर रहे थे, दूसरी तरफ लड़की में कमियां निकालना भी शुरू कर दिया था। उनकी उम्मीदों पर तब पानी फिर गया, जब लड़की वाले आए ही नहीं। शुक्र है कि शादी हुई नहीं। अगर हो जाती तो शायद लड़की को आजीवन ताना सुनने को मिलता कि तुमसे बेहतर कई रिश्ते आए, लेकिन हमारी ही आंखों पर पट्टी बंधी थी कि हमने तुम्हें चुन लिया।
आज समस्या केवल यह नहीं है कि विवाह तय नहीं हो रहे, बल्कि यह भी है कि कई रिश्ते जो बन रहे हैं, वे टिक नहीं पा रहे। वर पक्ष अपनी शर्तों से पीछे हटने को तैयार नहीं, तो वधू पक्ष भी कई अपेक्षाओं के साथ रिश्ते में कदम रख रहा है। ऐसे में रिश्ता टूटने की स्वीकार्यता भी बढ़ रही है। जहां दोनों लोग नौकरी कर रहे हों और अपनी शर्तों पर जीने के आदी हों, वहां केवल एक पक्ष से सामंजस्य की उम्मीद करना समस्या पैदा करता है। जब दोनों ही अपनी जिम्मेदारी से बचने लगें तो रिश्ते को निभाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? क्या इसी तरह धीरे-धीरे परिवार और विवाह की संस्था कमजोर होती जाएगी?

इस पर विचार करते हुए लगा कि हर दौर में सामाजिक संस्थाओं पर शिक्षा, व्यवसाय, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वायत्तता का सीधा असर पड़ता है। समाजशास्त्री इस बदलाव के पीछे व्यक्तिवाद, आर्थिक परिवर्तन और शहरी जीवनशैली को देखते हैं। वहीं, मैरिज काउंसलर्स का मानना है कि नई पीढ़ी की सोच को पूरी तरह गलत नहीं कहा जा सकता। पहले विवाह में महिलाओं से अधिक समझौते की अपेक्षा की जाती थी। अब शिक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाएं रिश्तों में बराबरी चाहती हैं। उनके लिए विवाह अनिवार्यता नहीं, विकल्प है। वे ऐसा रिश्ता चाहती हैं, जिसमें गृहस्थी की गाड़ी के दोनों पहिए समान जिम्मेदारी के साथ चलें।

मां-बाप भी अब बेटियों के जन्म का उत्सव मनाते हैं। 'जहां डोली गई, वहीं से अर्थी उठेगी' जैसी दकियानूसी सोच को धता बताते हैं। अब समय है कि मौजूदा पीढ़ी के मनोभाव, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र को समझा जाए। भले ही यह पीढ़ी विद्रोही दिखती हो, पर ऐसा है नहीं। यह रूढ़िवादी न होकर अंधविश्वासों को चुनौती देने वाली पीढ़ी है। यह बिना आवाज ऊंची किए अपने तर्क रखती है। इसलिए, अब अपने विचारों को थोपने का नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर नए विचारों को गढ़ने का वक्त आ गया है। क्योंकि ये लोग भी शादी कर उसे निभाना चाहते हैं, लेकिन समाज के तौर पर हमें भी अपनी कुछ शर्तें हटानी होंगी और पुरानी मान्यताओं को हल्का करना होगा।

(लेखिका काशी हिंदू विश्वविद्यालय में प्रफेसर हैं)

रेकमेंडेड खबरें