सर्जरी में रोबॉट मददगार, छोटे चीरे से होगा बच्चों का ऑपरेशन

नवभारतटाइम्स.कॉम•
robotic surgery for children complex operations possible with small incisions
nNBT न्यूज, लखनऊ : बच्चों की जटिल बीमारियों के इलाज में रोबॉटिक सर्जरी नई उम्मीद बनकर उभर रही है। खासकर जन्मजात विकृतियों, पेशाब की नली में रुकावट , किडनी और पेट से जुड़ी समस्याओं के ऑपरेशन में यह तकनीक काफी मददगार साबित हो सकती है। इसमें बड़े चीरे लगाने के बजाय छोटे छेद के जरिए शरीर के अंदर उपकरण पहुंचाए जाते हैं। इससे ऑपरेशन के दौरान नाजुक अंगों को सुरक्षित रखने और अधिक सटीकता से सर्जरी करने में मदद मिलती है। यह जानकारी केजीएमयू के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. जेडी रावत ने दी।

डॉ. रावत शुक्रवार को केजीएमयू के अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सोसायटी ऑफ पीडियाट्रिक यूरॉलजी के 14वें सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग की ओर से किया गया।
डॉ. रावत ने बताया कि रोबॉटिक सर्जरी में हाई डेफिनिशन थ्री-डी कैमरे और बेहद बारीक उपकरणों की मदद से सर्जन शरीर के अंदरूनी हिस्सों को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। खासकर किडनी और पेशाब संबंधी बीमारियों में यह तकनीक उपयोगी हो सकती है। डॉ. अर्चिका गुप्ता ने बताया कि रोबॉटिक सिस्टम में सर्जन के हाथों की गतिविधियां छोटे और नियंत्रित मूवमेंट में बदल जाती हैं। इसके उपकरणों के सिरे कई दिशाओं में मुड़ सकते हैं। मूत्र रोग, किडनी, आंत और छाती से जुड़ी कुछ जटिल सर्जरी में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। डॉ. एसएन कुरील ने स्पष्ट किया कि रोबॉट अपने आप ऑपरेशन नहीं करता, बल्कि सर्जन कंसोल पर बैठकर पूरे ऑपरेशन को नियंत्रित करते हैं।

रेकमेंडेड खबरें