BJP प्रवक्ता अजय आलोक ने विपक्ष पर साधा निशाना, UCC, राम मंदिर दान और भारत-पाक संबंधों पर की बात

NewsPoint
bjp ucc
पटना, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता अजय आलोक ने बिहार की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव, पश्चिम बंगाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने की दिशा में उठाए जा रहे कदम, राम मंदिर दान मामले की जांच, भारत-पाकिस्तान संबंधों पर पाकिस्तान के रवैये, उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर विपक्षी गठबंधन की राजनीति और अन्य राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने भाजपा का पक्ष मजबूती से रखते हुए विपक्षी दलों पर तीखे कटाक्ष किए।

भारत और पाकिस्तान के 117 बुद्धिजीवियों द्वारा दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से शुरू करने की अपील पर अजय आलोक ने कहा कि इन सभी बुद्धिजीवियों का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच 'गुड टॉक्स' यानी अच्छी बातचीत की वकालत की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह वकालत पाकिस्तान में भी होनी चाहिए, ताकि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों पर लगाम लगा सके। अजय आलोक के अनुसार, जब तक पाकिस्तान अपनी हरकतों पर काबू नहीं पाएगा, तब तक 'गुड टॉक्स' करने का कोई फायदा नहीं है।
राम मंदिर दान मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) को 15 दिन का अतिरिक्त समय दिए जाने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि निश्चित तौर पर एसआईटी सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। वे पैसों के स्रोत का पता लगा रही है और पिछले 5 सालों का ऑडिट कर रही है, इसलिए उन्हें थोड़ा और समय चाहिए।

पश्चिम बंगाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर प्रस्तावित कैबिनेट बैठक पर अजय आलोक ने कहा कि यह सिर्फ पश्चिम बंगाल की बात नहीं है, बल्कि भाजपा शासित सभी राज्यों में धीरे-धीरे, एक-एक करके पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यूसीसी लागू किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती राज्यों पर भाजपा की विशेष नजर है, क्योंकि इन इलाकों में यूसीसी की सबसे ज्यादा जरूरत महसूस की जा रही है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इंडी गठबंधन में नेतृत्व और सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अजय आलोक ने तंज कसते हुए कहा कि यह 'घमंडियों का गठजोड़' है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि इस गठबंधन का कुछ नहीं होने वाला और वे आपस में ही लड़ेंगे।

30 दिन की सजा होने पर प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री के पद छोड़ने से जुड़े विधेयक पर अजय आलोक ने कहा कि यह भारत की जनता के लिए एक बहुत अच्छा कानून है और यह देश के संविधान की रक्षा करेगा। उन्होंने अरविंद केजरीवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि हमने देखा कि तीन-तीन महीने जेल में रहने के बाद भी वे मुख्यमंत्री पद पर बने रहे। अगर ऐसी ही प्रथा चलती रही, तो सोचिए इस देश का क्या होगा?

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा पर भाजपा की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर अजय आलोक ने कहा कि यह सीट उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह सीट उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा खाली की गई है और बांकीपुर की जनता हमेशा से भाजपा को यहां से विजयी बनाती आई है। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके लिए कोई भी चुनाव आसान नहीं होता है और वे हर चुनाव को एक चुनौती के रूप में लेते हैं। उनकी चुनौती यह है कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा खाली की गई इस सीट को वे पहले से भी बड़े अंतर से जीतें। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी का हर एक कार्यकर्ता अभी से पूरी तरह जुट गया है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के स्थापना दिवस के कार्यक्रम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विदेश दौरे पर टिप्पणी करते हुए, अजय आलोक ने कहा कि यह तो होना ही था। उन्होंने कटाक्ष किया कि विदेश जाना ज्यादा जरूरी है, तो फिर स्थापना दिवस मनाने का क्या मतलब है? उन्होंने इसे परिवार की पार्टी बताते हुए कहा कि आज मनाओ या कल, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

रेकमेंडेड खबरें