वामिका गब्बी का सपना सच, माधुरी दीक्षित से मुलाकात का वीडियो वायरल
वामिका गब्बी का सपना सच, माधुरी दीक्षित से मुलाकात का वीडियो वायरल
NewsPoint•
मुंबई, 16 जुलाई। बॉलीवुड एक्ट्रेस वामिका गब्बी का बचपन का सपना आखिरकार पूरा हो गया। उन्होंने अपनी आइडल, दिग्गज अदाकारा माधुरी दीक्षित से मुलाकात की, जिसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वामिका ने बताया कि वह 13 साल की उम्र से माधुरी दीक्षित की बहुत बड़ी फैन हैं और उनसे मिलने की ख्वाहिश रखती थीं। यह सपना सालों बाद पूरा हुआ तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
वीडियो की शुरुआत में वामिका, माधुरी दीक्षित के मशहूर गाने ‘धक-धक’ के आइकॉनिक स्टेप करती दिखती हैं। तभी पीछे से माधुरी दीक्षित आती हैं और प्यार से उन्हें गले लगा लेती हैं। अचानक अपने सामने बचपन की अपनी आइडल को देखकर वामिका इमोशनल हो जाती हैं और उन्हें कसकर गले लगा लेती हैं। इस दौरान वामिका ब्लू कलर के एथनिक आउटफिट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, वहीं माधुरी दीक्षित गुलाबी साड़ी में हमेशा की तरह आकर्षक दिखीं। वीडियो में माधुरी, वामिका से उनका हालचाल भी पूछती हैं।वीडियो शेयर करते हुए वामिका ने लिखा, “मेरे सबसे करीबी दोस्त जानते हैं कि 13 साल की उम्र वाली वामिका के लिए यह पल कितना जादुई था। आखिरकार मेरी मुलाकात ‘द’ माधुरी दीक्षित से हुई। मैंने उन्हें मम्मी-पापा से भी मिलवाया और बचपन के कई किस्से सुनाए, ताकि उन्हें पता चल सके कि वे मेरे बचपन का कितना खूबसूरत हिस्सा रही हैं।”
मिका गब्बी ने बहुत कम उम्र में ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया था। साल 2007 में इम्तियाज अली की सुपरहिट फिल्म ‘जब वी मेट’ से उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की। फिल्म में उनका रोल छोटा था, लेकिन यहीं से उनके एक्टिंग करियर की नींव पड़ी। इसके बाद वह ‘लव आज कल’, ‘मौसम’ और ‘बिट्टू बॉस’ जैसी फिल्मों में नजर आईं और धीरे-धीरे अपनी एक अलग पहचान बनाई।
बॉलीवुड के अलावा वामिका ने पंजाबी और मलयालम सिनेमा में भी अपनी छाप छोड़ी है। पंजाबी फिल्म ‘तू मेरा 22 मैं तेरा 22’ और मलयालम फिल्म ‘गोधा’ में उनके काम को काफी सराहा गया। हाल ही में वह फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में भी नजर आई थीं। वामिका का यह खास पल उनके फैंस के लिए भी काफी खुशी भरा रहा, जिन्होंने उनकी इस मुलाकात पर खूब प्यार बरसाया।