राजकुमार पेरियासामी को तमिल फिल्म 'अमरन' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार, साई पल्लवी ने दी बधाई

NewsPoint
Navbharat Times
मुंबई, 21 जुलाई। साउथ सिनेमा के जाने-माने निर्देशक राजकुमार पेरियासामी को उनकी तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। यह फिल्म सिर्फ सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ही नहीं, बल्कि सर्वश्रेष्ठ बैकग्राउंड म्यूजिक और सर्वश्रेष्ठ संपादन के लिए भी राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है, यानी कुल तीन बड़े पुरस्कार इस फिल्म के नाम हुए हैं। यह फिल्म भारतीय सेना के वीर अधिकारी मेजर मुकुंद वरदराजन की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री साई पल्लवी ने निर्देशक को इस शानदार उपलब्धि पर दिल से बधाई दी है।

साई पल्लवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राजकुमार पेरियासामी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “मेरा दिल खुशी से भर गया है। यह सफर बिल्कुल आसान नहीं था। आपने अपनी कहानी को पूरी मेहनत, हिम्मत और सम्मान के साथ लोगों तक पहुंचाया। यह लिखते हुए मैं भावुक हो रही हूं। मैंने आपकी पूरी यात्रा देखी है और आज आपको यह सम्मान मिलते हुए देखना मेरे लिए बेहद खास पल है। प्रिय राजकुमार केपी सर, मुझे आप पर बहुत गर्व है। आपकी सफलता से मुझे बेहद खुशी है और मैं आपकी जीत को अपनी जीत की तरह मना रही हूं।” अभिनेत्री ने फिल्म के संगीत निर्देशक जी.वी. प्रकाश और संपादक कलाइवाणन को भी राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर बधाई दी, जिन्होंने फिल्म में अपने बेहतरीन काम से चार चांद लगाए।
साल 2024 में रिलीज हुई ‘अमरन’ एक तमिल भाषा की बायोग्राफिकल एक्शन वॉर फिल्म है। यह फिल्म भारतीय सेना के अधिकारी मेजर मुकुंद वरदराजन के जीवन और उनकी पत्नी इंदु के साथ उनके प्यारे रिश्ते को दर्शाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे मेजर मुकुंद जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों के खिलाफ एक खतरनाक अभियान का नेतृत्व करते हुए देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देते हैं। यह फिल्म सिर्फ मेजर मुकुंद के फौजी जीवन को ही नहीं दिखाती, बल्कि उनकी पारिवारिक और भावनात्मक यात्रा को भी गहराई से बयां करती है।

फिल्म को दर्शकों ने रिलीज के बाद खूब सराहा और इसने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया। सिनेमाघरों में अपनी छाप छोड़ने के बाद, यह फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी देखने के लिए उपलब्ध है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रेरणादायक कहानी से जुड़ सकें।

रेकमेंडेड खबरें