कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: ग्लासगो में 10 खेल, 12 साल बाद वापसी

NewsPoint
2026 10 12
ग्लासगो, 20 जुलाई। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 23वां संस्करण 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने जा रहा है। 12 साल बाद यह शहर एक बार फिर इन खेलों की मेजबानी करेगा, जहां इस बार 10 खेल प्रतियोगिताओं में दुनिया भर के खिलाड़ी अपना दम दिखाएंगे। पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में जहां 20 खेल शामिल थे, वहीं इस बार कुछ प्रमुख खेल जैसे क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, स्क्वैश आदि इस प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं होंगे।

यह दूसरा मौका है जब ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले साल 2014 में यहां 14 वेन्यू पर 17 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था। इस बार खेलों का आयोजन एक 8 मील लंबे कॉरिडोर में फैले चार वेन्यू में होगा। इस बार एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, स्विमिंग और पैरा स्विमिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा ट्रैक साइकिलिंग, नेटबॉल, वेटलिफ्टिंग और पैरा वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, जूडो, बॉल्स और पैरा बॉल्स, 3×3 बास्केटबॉल और 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल जैसे कुल 10 खेल देखने को मिलेंगे।
‘ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना’ में कुल 60 मेडल इवेंट होंगे। इनमें जिम्नास्टिक्स के 14, ट्रैक साइकिलिंग के 18 और पैरा ट्रैक साइकिलिंग के 8 मेडल इवेंट शामिल हैं। जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएं 24 से 28 जुलाई के बीच होंगी। इसी खेल परिसर में स्थित सर क्रिस होय वेलोड्रोम में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक साइकिलिंग की प्रतियोगिताएं होंगी।

‘स्कॉटिश इवेंट कैंपस’ के तीन मुख्य हिस्सों में कुल 6 प्रतियोगिताओं के 60 मेडल इवेंट खेले जाएंगे। ‘द हाइड्रो’ नेटबॉल की मेजबानी करेगा, जिसमें 1 मेडल इवेंट होगा। ‘एसईसी आर्माडिलो’ वेटलिफ्टिंग के 16 और पैरा पावरलिफ्टिंग के 4 मेडल इवेंट की मेजबानी करेगा।

इसके अलावा, ‘एसईसी सेंटर’ में 3×3 बास्केटबॉल के 2, बॉक्सिंग के 14, जूडो के 14, बॉल्स के 4, 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल के 2 और पैरा बॉल्स के 3 मेडल इवेंट आयोजित होंगे।

टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर में स्विमिंग के 42 और पैरा स्विमिंग के 14 मेडल इवेंट होंगे, यानी कुल 56 मेडल इवेंट। वहीं, स्कॉटस्टाउन स्टेडियम एथलेटिक्स के 43 और पैरा एथलेटिक्स के 16 मेडल इवेंट की मेजबानी करेगा, जिसमें कुल 59 मेडल इवेंट होंगे।

इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, स्क्वैश, रिदमिक जिमनास्टिक, टेबल टेनिस, डाइविंग, रग्बी सेवेंस, बीचबॉल और माउंटेन बाइकिंग जैसी प्रतियोगिताएं शामिल नहीं होंगी। यह बदलाव खेलों की संख्या को कम करता है, लेकिन उन खेलों पर ध्यान केंद्रित करता है जो इस बार आयोजित हो रहे हैं।

रेकमेंडेड खबरें