Cm Flying Raids Illegal Liquor Brewery In Aravalli Two Arrested Large Quantity Of Illicit Liquor Recovered
अरावली में चल रही अवैध शराब की भट्ठी पर सीएम फ्लाइंग का छापा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
जिला में जहरीली और अवैध शराब के निर्माण व बिक्री पर नकेल कसने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उड़न दस्ता ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अनंगपुर के पहाड़ी जंगलों में चल रही अवैध कच्ची शराब की भट्ठी पर छापेमारी कर टीम ने दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में कच्ची शराब, लाहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़न दस्ता को सूचना मिली कि सूरजकुंड थाना क्षेत्र के तहत खड़िया खान, अनंगपुर पहाड़ के जंगली इलाके में कुछ लोग अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना यह भी थी कि तैयार शराब को कैनों में भरकर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता है। जंगल क्षेत्र होने के कारण आरोपी बेखौफ होकर इस अवैध धंधे को चला रहे थे। इस प्रकार की जहरीली और अवैध कच्ची शराब से पूर्व में भी कई लोगों की जान जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए डीएसपी सीएम फ्लाइंग विवेक चौधरी ने तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।