Connect Children To Roots Develop The Habit Of Asking Elders Instead Of Technology
‘बच्चों को जड़ों से जोड़े रखने की जरूरत’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: बच्चों को अपनी जड़ों और परिवार से जुड़े रहने की जरूरत है। किसी सवाल का जवाब जानने के लिए सीधे इंटरनेट या मशीन की ओर जाने के बजाय पहले अपने बड़ों से पूछने की आदत विकसित करनी चाहिए। तकनीक का इस्तेमाल ज्ञान बढ़ाने के लिए हो, लेकिन उसे बच्चों की सोच और अनुभवों का विकल्प नहीं बनने देना चाहिए।
ये बातें गौरव प्रकाश ने बुधवार को गोमतीनगर स्थित यूनिवर्सल बुक सेलर्स में देवयानी कपूर की पुस्तक हमिंग क्लासरूम्स ऐंड नोटोरेस कॉरिडोर्स के विमोचन के दौरान आयोजित पैनल चर्चा में कहीं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते दखल से बच्चे वास्तविक और व्यावहारिक जीवन के अनुभवों से दूर होते जा रहे हैं।सीखना कैसे है यह सिखाना जरूरी: एडीजी अमिताभ यश ने कहा कि बच्चों पर पढ़ाई, करियर, सोशल मीडिया और साथियों का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में उन्हें सिर्फ जानकारी देने के बजाय सीखना कैसे है यह सिखाना जरूरी है। बदलती दुनिया में लगातार सीखते रहने की क्षमता ही उन्हें आगे बढ़ाएगी। पैनल चर्चा में ला मार्टिनियर कॉलेज के प्रिंसिपल कारलायल मैकफरलैंड और लखनऊ फार्मर्स मार्केट की सीईओ ज्योत्सना कौर हबीबुल्लाह ने भी शिक्षा के बदलते स्वरूप और बच्चों की जरूरतों पर विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, पाठकों और शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया।