Dm commissioner Keep A Close Eye On School Facilities Cms Strict Instructions
'स्कूलों में सुविधाओं पर नज़र रखें डीएम-कमिश्नर'
Contributed by: Deep.Singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी डीएम और मंडलायुक्तों को स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की निगरानी के निर्देश दिए हैं। कहा है कि बेसिक और माध्यमिक स्कूलों में साफ, सुरक्षित और शैक्षिक वातावरण मुहैया करवाया जाए। साथ ही कहा है कि सोशल मीडिया, मास मीडिया या किसी अन्य माध्यम से कोई शिकायत मिलती है तो तत्काल उसकी जांच करके व्यवस्था दुरुस्त की जाए। गलत और भ्रामक सूचनाओं पर भी नजर रखी जाए।
गोयल ने आदेश में कहा है कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत साफ पानी, शौचालय, हाथ धोने की व्यवस्था, बिजली, ब्लैक बोर्ड और एमडीएम किचेन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। वहीं, माध्यमिक स्कूलों में प्रॉजेक्ट अलंकार के जरिए सुविधाओं का रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें और जरूरी सामग्री समय पर मिले। बारिश के मौसम को देखते हुए सफाई अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जाए। विकासखंड स्तर पर टीमें गठित कर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं। कस्तूरबा विद्यालयों में भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने खासतौर से अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समितियों के बीच नियमित संवाद बनाने पर खास जोर दिया है। पीटीएम काे प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।