NCR में वाहन चोरी करने वाले गैंग के 2 आरोपी धरे

नवभारत टाइम्स

लोनीथाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने एनसीआर में वाहन चोरी करने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश दिल्ली एनसीआर में कई वारदातों को अंजाम देते थे। वे फैक्ट्री एरिया, मार्केट और पार्किंग जैसी जगहों से दोपहिया वाहन चुराते थे। चोरी के वाहनों को वे स्थानीय एजेंटों के माध्यम से बेच देते थे।

2 accused of vehicle theft gang arrested in ncr had created havoc in delhi ncr
लोनीथाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने एनसीआर में वाहन चोरी करने वाले एक बड़े गैंग के दो सदस्यों को पावी सादकपुर गांव के एक होटल के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पकड़े गए बदमाशों के नाम कासिम और शाहनवाज हैं। कासिम पावी सादकपुर का रहने वाला है, जबकि शाहनवाज होटल के पीछे पूजा कॉलोनी का निवासी है। इन दोनों पर दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि ये बदमाश दिल्ली-एनसीआर में लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे अक्सर फैक्ट्री एरिया, घनी आबादी वाले इलाके, मार्केट, सब्जी मंडी, सरकारी दफ्तरों और पार्किंग जैसी जगहों से दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी करने से पहले, वे बाइक से घूमकर इलाके की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वे वाहन चुरा लेते थे और फिर उन्हें घनी झाड़ियों में छिपा देते थे।
चोरी किए गए वाहनों को ये बदमाश स्थानीय एजेंटों के जरिए बेच देते थे। जो वाहन नहीं बिक पाते थे, उन्हें दिल्ली के कबाड़ी बाजार में बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक बाइक भी बरामद की है, जिसे उन्होंने दिल्ली के सीलमपुर इलाके से चोरी करना कबूल किया है।

एसीपी ने यह भी बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने अपने गैंग के अन्य साथियों के नाम और पते भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस अब इन खुलासों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है और गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है। यह गिरफ्तारी वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।