Car borne Youth Abducted On Revdarevdi Road Brutally Beaten In Salemabad Village Gold Chain Looted
कार सवार शख्स को अगवा कर बेरहमी से पीटा
नवभारत टाइम्स•
मुरादनगर में रेवड़ारेवड़ी मार्ग पर एक कार सवार युवक का अपहरण हुआ। उसे गांव सलेमाबाद ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने युवक के गले से आठ तोले की सोने की चेन भी छीन ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को मुक्त कराया। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
रेवड़ा-रेवड़ी मार्ग पर कार सवार एक युवक का अपहरण कर उसे गांव सलेमाबाद ले जाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित को छुड़ाया। पीड़ित ने मुरादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि पैसे के लेनदेन का मामला है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार शाम को गांव रेवड़ा-रेवड़ी का रहने वाला भूपेंद्र कुमार अपनी कार से मुरादनगर की ओर जा रहा था। जब वह गांव छज्जूपुर के पास पहुंचा, तो अचानक उसकी कार के सामने एक ट्रैक्टर लगा दिया गया। इसके बाद ट्रैक्टर पर सवार तीन युवक भूपेंद्र को जबरन उठाकर गांव सलेमाबाद ले गए। आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया। इतना ही नहीं, उसके गले से 8 तोले की सोने की चेन भी छीन ली गई।किसी ने इस घटना की सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत गांव सलेमाबाद पहुंची और भूपेंद्र को बंधनमुक्त कराया। पीड़ित ने इस मामले में एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मुरादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और उनका कहना है कि यह घटना पैसों के लेन-देन से जुड़ी हुई है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।