डंपर-बाइक की भिड़ंत में दंपती समेत बच्चे की मौत

नवभारत टाइम्स

यमुनानगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी सचिन, उनकी पत्नी नेहा और चार साल के बेटे नोनू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। फरार डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

डंपर-बाइक की भिड़ंत में दंपती समेत बच्चे की मौत
यमुनानगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी एक दंपती और उनके चार साल के बेटे की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं, जिनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए फरार डंपर चालक शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यह हादसा सोमवार को ओल्ड सहारनपुर रोड पर पांसरा फाटक के पास हुआ। सचिन, उनकी पत्नी नेहा और उनका छोटा बेटा नोनू बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हरिद्वार के झबरेड़ा क्षेत्र के रहने वाले सचिन, नेहा और नोनू के रूप में हुई।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हादसे के बाद फरार हुए डंपर के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हमीदा के रहने वाले शहजाद के तौर पर हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पोस्टमॉर्टम होने के बाद तीनों शवों को मंगलवार को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि वे शवों को एंबुलेंस से हरिद्वार ले जा रहे हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।