उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आवास विभाग को अयोध्या में वैदेही आर्ट गैलरी स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। योगी ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निकट वशिष्ठ भवन परिसर में इसे विकसित किया जा सकता है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसमें मिथिला की संस्कृति, लोकपरंपरा और कला के विविध आयामों को प्रदर्शित किया जाए।
सीएम ने कहा कि सीता मइया भारतीय संस्कृति, मर्यादा और नैतिक आदर्शों की अनुपम प्रेरणा हैं और नई पीढ़ी को उनके उज्ज्वल चरित्र से गहराई से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। यह अत्याधुनिक गैलरी केवल एक कला-संग्रहालय न होकर, सीता माता के जीवन, त्याग, करुणा, मर्यादा, धैर्य और शक्ति का आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुनर्पाठ प्रस्तुत करने वाली एक जीवंत सांस्कृतिक अनुभव-स्थली होनी चाहिए। गैलरी की कथा-वस्तु, डिजाइन, विज़ुअल भाषा, कला और तकनीक सहित सभी आयाम इस भावना को प्रकट करे कि हम एक दिव्य विरासत का पुनर्पाठ कर रहे हैं।
सीएम ने आवास विभाग को आवासीय और व्यावसायिक आवंटनों के लंबित मामलों के समाधान के लिए नई ‘एक मुश्त समाधान योजना (OTS)’ लागू करने को कहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित देयों और विवादित मामलों के कारण न केवल योजनाओं की प्रगति प्रभावित होती है, बल्कि आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था लागू करना है, जिसमें समाधान तेज हों और व्यावहारिक भी हों।






