कैफे में चल रहा था हुक्का बार,दो कर्मचारी गिरफ्तार

नवभारत टाइम्स

लखनऊ के बीकेटी में द लैवेंडर कैफे में हुक्का बार चल रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर दो युवकों को पकड़ा है। मौके से हुक्का, पाइप और फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद हुआ है। कैफे संचालक देवराज त्रिपाठी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। हाई कोर्ट के प्रतिबंध के बावजूद हुक्का परोसा जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

lucknow hookah bar busted in cafe two employees arrested
बीकेटी में द लैवेंडर कैफे में चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन हुक्का, पाइप, फ्लेवर्ड तंबाकू, चारकोल और अन्य सामान भी बरामद किया है। यह कार्रवाई हाई कोर्ट के प्रतिबंध के बावजूद कैफे की आड़ में हुक्का पिलाए जाने की सूचना पर की गई। पुलिस ने कैफे संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें कुछ दिनों से बीकेटी के तकिया साबुन फैक्ट्री के पास स्थित द लैवेंडर कैफे में हुक्का पिलाए जाने की खबर मिल रही थी। इस सूचना पर एसआई शेषमणि मिश्रा और उनकी टीम ने कैफे में अचानक छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कैफे के अंदर से दो युवकों को पकड़ा। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम लखीमपुर खीरी निवासी हर्ष शर्मा और इटौंजा निवासी भविष्य प्रताप सिंह बताया। उन्होंने बताया कि वे कैफे में काम करते हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि कैफे का असली संचालक लखीमपुर खीरी का रहने वाला देवराज त्रिपाठी है।

इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि यह बेहद चिंताजनक है कि हाई कोर्ट ने हुक्का बार पर प्रतिबंध लगा रखा है, फिर भी यह कैफे खुलेआम हुक्के की सप्लाई कर रहा था। पकड़े गए आरोपी लोगों को कैफे में हुक्का बार का लाइसेंस होने का झांसा देकर फंसाते थे। एसआई शेषमणि मिश्रा की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है ताकि इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश हो सके।