प्रॉक्टर पर पक्षपात का आरोप, एलयू कैंपस में हुआ हंगामा

नवभारत टाइम्स

लखनऊ विवि में एक कार्यक्रम को लेकर छात्रों ने हंगामा किया। एनएसयूआई के छात्रों ने प्रॉक्टर पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक संगठन को हॉल दिया गया जबकि दूसरे के कार्यक्रम को रोका गया। छात्रों ने शिक्षक पर हाथ उठाने का भी आरोप लगाया। कैंपस में बाहरी छात्रों की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए गए।

proctor accused of bias in lucknow university nsui students create ruckus
लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। एनएसयूआई के छात्रों ने प्रॉक्टर पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि एक संगठन को हॉल की अनुमति दी गई, जबकि दूसरे संगठन के कार्यक्रम को रोक दिया गया और छात्रों को पुलिस से पिटवाया गया।

यह हंगामा तब शुरू हुआ जब एबीवीपी का कार्यक्रम जेके हॉल में चल रहा था। एनएसयूआई के छात्र हॉल के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच एबीवीपी और एनएसयूआई के छात्रों के बीच कहासुनी भी हो गई। एनएसयूआई के प्रिंस प्रकाश ने बताया कि एक शिक्षक ने एबीवीपी के छात्रों को समझाने की कोशिश की तो एक छात्र ने शिक्षक पर हाथ उठा दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कैंपस में बाहरी छात्रों पर रोक है, लेकिन एबीवीपी के कार्यक्रम में बाहरी छात्र मौजूद थे।
एनएसयूआई का कहना है कि कुछ दिन पहले उनके एक कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली थी, जिसके कारण उसे रोक दिया गया और छात्रों को हिरासत में ले लिया गया था। इसी के विरोध में एनएसयूआई ने शनिवार को धरना प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रॉक्टर पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि एक संगठन को हॉल देकर शिक्षक खुद कार्यक्रम करा रहे हैं, जबकि दूसरे संगठन के छात्रों के कार्यक्रम करने पर पुलिस से पिटवाया जा रहा है।

लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच यह विवाद लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से इस मामले पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। छात्रों की मांग है कि सभी संगठनों के साथ समान व्यवहार किया जाए और किसी भी तरह का पक्षपात न हो।