Youths Body Found In Suspicious Condition In Sewer Pipeline Empty Injection And Syringe Recovered
सीवर पाइप लाइन में मिला युवक का शव
नवभारत टाइम्स•
ठाकुरगंज में सीवर पाइप में एक युवक का शव मिला है। युवक नशे का आदी था और शुक्रवार रात घर से निकला था। शनिवार सुबह उसका शव सीमेंट के पाइप में मिला। घटनास्थल से खाली इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुई है। युवक का मोबाइल फोन भी गायब है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
ठाकुरगंज इलाके में शनिवार सुबह सीवर पाइप में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। युवक के पास से खाली इंजेक्शन और सीरिंज बरामद हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। युवक का मोबाइल फोन भी गायब है, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका है।
ठाकुरगंज के गऊघाट विश्वास नगर का रहने वाला सुजीत राजपूत (अयोध्या प्रसाद का बेटा) घर में ही रहता था। उसके भाई रंजीत ने बताया कि सुजीत नशे का आदी था। शुक्रवार रात वह अपनी मां नीलम से पैसे लेकर घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह मां नीलम उसे ढूंढने निकलीं।स्थानीय लोगों की सूचना पर नीलम बंधा रोड पर पहुंचीं, जहां सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा था। वहां एक खाली पड़े सीमेंट के पाइप में उन्हें सुजीत का शव मिला। पाइप के अंदर से खाली इंजेक्शन और सिरिंज भी मिलीं।
ठाकुरगंज पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित भाई ने तहरीर दी है, लेकिन उन्होंने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
सुजीत के भाई ने यह भी बताया कि घटना स्थल से सुजीत का मोबाइल फोन नहीं मिला है। जब उन्होंने फोन करने की कोशिश की, तो वह स्विच ऑफ बता रहा था। इस वजह से परिवार वाले किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।