Lawyers Ruckus At Kotwali Protest Against Fir Assurance Of Impartial Investigation
FIR के विरोध में वकीलाें ने कोतवाली में किया हंगामा
नवभारत टाइम्स•
मोदीनगर में वकीलों ने कोतवाली में हंगामा किया। यह हंगामा बार एसोसिएशन के सचिव नकुल त्यागी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में हुआ। वकीलों ने एसएचओ का घेराव कर मुकदमे से नाम हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सचिव पर केस दर्ज करने से पहले बार एसोसिएशन को सूचित नहीं किया गया। पुलिस की लापरवाही सामने आई है।
मोदीनगर बार एसोसिएशन के सचिव नकुल त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज होने के विरोध में वकीलों ने सोमवार को मोदीनगर कोतवाली में जमकर हंगामा किया। वकीलों ने एसएचओ का घेराव कर नकुल त्यागी का नाम मुकदमे से हटाने की मांग की। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाकर मामला शांत कराया।
यह पूरा मामला मेरठ निवासी मुकुल सांगवान द्वारा दर्ज कराए गए धोखाधड़ी के केस से जुड़ा है। इस केस में सुमित और बार एसोसिएशन मोदीनगर के सचिव नकुल त्यागी को नामजद किया गया है। आरोप है कि एक रजिस्टर्ड बैनामा (जमीन की रजिस्ट्री) होने के बावजूद दोबारा जमीन का बैनामा करा लिया गया।वकील इस बात का विरोध कर रहे हैं कि नकुल त्यागी का नाम इस मुकदमे में क्यों दर्ज किया गया। उनका कहना है कि वकीलों का काम तो जमीन के बैनामे करवाना है। अगर बैनामा गलत तरीके से हुआ है तो फिर अधिकारियों पर भी मुकदमा होना चाहिए था। वकीलों का आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी जांच-पड़ताल के केस दर्ज कर दिया।
वकीलों ने यह भी कहा कि सचिव पर केस दर्ज करने से पहले बार एसोसिएशन मोदीनगर को सूचित तक नहीं किया गया। इस मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही साफ दिख रही है। वकीलों ने चेतावनी दी है कि अगर मुकदमे से नकुल त्यागी का नाम नहीं हटाया गया तो वे तहसील में हड़ताल करेंगे और आंदोलन शुरू कर देंगे।