गूगल की पैरंट कंपनी अल्फाबेट 100 साल के लिए लेगी कर्ज

नवभारत टाइम्स

गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट एआई (AI) में आगे रहने के लिए बड़ा कदम उठा रही है। कंपनी 100 साल के लिए अनोखा बॉन्ड जारी कर रही है। यह पिछले 30 सालों में किसी टेक कंपनी द्वारा पहली बार हो रहा है। अल्फाबेट पाउंड और डॉलर में भारी फंड जुटा रही है।

गूगल की पैरंट कंपनी अल्फाबेट 100 साल के लिए लेगी कर्ज
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

NBT रिपोर्ट: गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट AI की रेस में आगे रहने के लिए भारी-भरकम फंड जुटा रही है। इसके लिए कंपनी ने 100 साल की अवधि वाला अनोखा बॉण्ड जारी करने का फैसला किया है। पिछले 30 सालों में ऐसा किसी टेक कंपनी द्वारा नहीं किया गया है।

फाइनैंशल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह 100 साल वाला बॉण्ड अल्फाबेट द्वारा पाउंड में कर्ज जुटाने की पहली कोशिश का हिस्सा है। इसके साथ ही, कंपनी अमेरिकी डॉलर बॉण्ड के जरिए भी 20 अरब डॉलर जुटा रही है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, पहले कंपनी ने 15 अरब डॉलर जुटाने की योजना बनाई थी। जब निवेशकों की तरफ से 100 अरब डॉलर से ज्यादा की डिमांड (ऑर्डर) आई, तो कंपनी ने कर्ज की रकम बढ़ा दी। इसके अलावा स्विस फ्रैंक में भी बॉण्ड लाने की तैयारी है। डॉलर वाले बॉण्ड को सात हिस्सों में बांटा गया है। इसमें सबसे लंबी अवधि का बॉण्ड 40 साल का है, जो 2066 में मैच्योर होगा। बाजार में इस कर्ज की बहुत ज्यादा मांग है, खासकर छोटे समय (3 साल) वाले बॉण्ड के लिए निवेशकों में काफी उत्साह देखा गया। इस सौदे से जुड़े एक बैंकर ने बताया कि अलग-अलग करंसी (जैसे पाउंड, डॉलर, स्विस फ्रैंक) में बॉण्ड जारी करने से अल्फाबेट को दुनिया भर के नए निवेशकों से जुड़ने में मदद मिलती है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही अल्फाबेट ने कहा था कि वह इस साल अपने कामकाज और विस्तार पर 185 अरब डॉलर तक खर्च कर सकती है।